रविवार, 15 सितंबर 2024

बरबस समाधि लग जाती है

तेरी अल्हड़ पदचापों पर, छम-छम-छम करती पायल पर,
बरबस समाधि लग जाती है…

जब-जब तू सम्मुख आती है,
बनकर बसंत छा जाती है।
मन मुग्ध मुदित हो जाता है,
बन प्राण मुझे महकाती है।

तेरे परिपूरित यौवन पर, कंचन-काया-मद-सौरभ पर,
बरबस समाधि लग जाती है…

जब कानों में कुंडल झूमें,
नासा को मुक्तामणि चूमे।
भुज-द्वय से अंगद केलि करें,
उन्मुक्त हार उर पर घूमे।

कटि-किंकिणि पर, कर-कंकण पर, बिंदी-टीका-चूड़ामणि पर,
बरबस समाधि लग जाती है…

जब चपल-चक्षु के चंचरीक,
मुखमंडल पर मंडराते हैं।
हृदयोत्पल के मधु भावों पर,
ज्यों अपनी सूंड़ गड़ाते हैं।

पाटल-प्रवाल से अधरों पर, गालों की अरुणिम आभा पर,
बरबस समाधि लग जाती है…

निर्मल मन से मधु छन-छन जब,
वाणी से निर्झर झरता है।
द्वय श्रवण-सरोवर से बहकर,
अंतरतम सिंचित करता है।

कोयल सी मीठी बोली पर, मदमाती हंसी-ठिठोली पर,
बरबस समाधि लग जाती है…

- राजेश मिश्र

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

बिजली रानी! क्या मनमानी?

बिजली रानी! क्या मनमानी? कितना हमें सताती हो! रहना मुश्किल बिना तुम्हारे, छोड़ हमें क्यों जाती हो? बिल तो हम पूरा देते हैं, टाइम पर भर आते ह...