शनिवार, 21 सितंबर 2024

अपनी अलकों से कह दो तुम

काली घुंघराली मतवाली, अपनी अलकों से कह दो तुम,
मुख शरत्चंद्र से मत खेलें…

होठों की कोमल कलियां जब
हौले-हौले मुस्काती हैं।
लंपट लोलुप अलि अलकें तब,
मथुरस पीने आ जाती हैं।

उन्मत उच्छृंखल अरु अशिष्ट, कह दो इन चूर्णकुन्तलों से,
युग अरुण-अधर से मत खेलें…

गंगोत्री-सी आंखें तेरी,
जब सुरसरि स्नेह बहाती हैं।
मकरध्वज दग्ध हृदय मेरा,
जब सिंचित करने आती हैं।

आबंध-भाव-धारा बाधक, काकुल झुंडों से कह दो तुम,
युग नयन-नलिन से मत खेलें…

परिच्युत परित्यक्त पतित-पथगा,
चूमें कानों की बाली को।
कटि-कंध-ललाट-चिबुक चूमें,
चूमें गालों की लाली को।

लटकी लहराती बलखाती, इन भ्रष्ट लटों से कह दो तुम,
मृदुलांगों से ये मत खेलें…

- राजेश मिश्र

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

बिजली रानी! क्या मनमानी?

बिजली रानी! क्या मनमानी? कितना हमें सताती हो! रहना मुश्किल बिना तुम्हारे, छोड़ हमें क्यों जाती हो? बिल तो हम पूरा देते हैं, टाइम पर भर आते ह...