इस हृदय का सच लिखूँ या मेरु-सी दुविधा लिखूँ?
झूठ ही बिकता जगत में, सत्य है महँगा बहुत,
झूठ को सच्चा लिखूँ या सत्य को झूठा लिखूँ?
हर किसी की मुस्कुराहट में छिपे कुछ राज हैं,
राज पर पर्दा रखूँ या नोंचकर पर्दा, लिखूँ?
जिंदगी में ठोकरें खाई हैं मैंने हर कदम,
दर्द जो पाया लिखूँ या उनसे जो सीखा लिखूँ?
साथ में हमने बिताए खूबसूरत पल कई,
तुम कहो कुछ छोड़ दूँ या तुम कहो पूरा लिखूँ?
शब्द हैं, कुछ भाव भी हैं, चाह भी मन में मगर,
दिग्भ्रमित हूँ गजल, मुक्तक, गीत या कविता लिखूँ?
- राजेश मिश्र
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें