सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

जगदम्बायै नमो नमः

जगदम्बायै नमो नमः। दुर्गादेव्यै नमो नमः।।

जन-मन रञ्जनि, भव-भय-भञ्जनि,
नित्य निरञ्जनि नमो नमः।
माँ अविनाशी, उर-पुर-वासी,
सदा-उदासी नमो नमः।।

शैलपुत्र्यै नमो नमः। ब्रह्मचारिण्यै नमो नमः।।
जगदम्बायै नमो नमः। दुर्गादेव्यै नमो नमः।।१।।

असुर-मर्दिनी, दैत्य-ताड़िनी,
देव-रक्षिणी नमो नमः।
भक्त-अभयदा, ऋषि-मुनि सुखदा,
रमा-शारदा नमो नमः।

चन्द्रघण्टायै नमो नमः। कूष्माण्डायै नमो नमः।।
जगदम्बायै नमो नमः। दुर्गादेव्यै नमो नमः।।२।।

पाप-नाशिनी, ताप-नाशिनी,
शान्ति-दायिनी नमो नमः।
क्षमा-रूपिणी, कृपा-कारिणी,
कान्ति-दायिनी नमो नमः।

स्कन्दमातायै नमो नमः। कात्यायन्यै नमो नमः।।
जगदम्बायै नमो नमः। दुर्गादेव्यै नमो नमः।।३।।

शक्ति-दायिनी, मुक्ति-दायिनी,
भक्ति-दायिनी नमो नमः।
धैर्य-दायिनी, वीर्य-दायिनी,
क्षुधा-रूपिणी नमो नमः।

कालरात्र्यै नमो नमः। महागौर्यै नमो नमः।।
जगदम्बायै नमो नमः। दुर्गादेव्यै नमो नमः।।४।।

पाप हरो माँ, ताप हरो माँ,
शीतल कर दो आज हमें।
अन्तरतम की मैल हटा दो,
निर्मल कर दो आज हमें।

सिद्धिदात्र्यै नमो नमः। जगन्मात्रे नमो नमः।।
जगदम्बायै नमो नमः। दुर्गादेव्यै नमो नमः।।५।।

- राजेश मिश्र 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अहमद चाचा

लन्दन के हीथ्रो एअरपोर्ट से जैसे ही विमान ने उड़ान भरी, श्याम का दिल बल्लियों उछलने लगा. बचपन की स्मृतियाँ एक-एक कर मानस पटल पर उभरने लगीं और जैसे-जैसे विमान आसमान की ऊँचाई की ओर बढ़ता गया, वह आस-पास के वातावरण से बेसुध अतीत में मग्न होता चला गया. माँ की ममता, पिताजी का प्यार, मित्रों के साथ मिलकर धमाचौकड़ी करना, गाँव के खेल, नदी का रेता, हरे-भरे खेत, अनाजों से भरे खलिहान और वहां कार्यरत लोगों की अथक उमंग, तीज त्यौहार की चहल-पहल आदि ह्रदय को रससिक्त करते गए. गाँव के खेलों की बात ही कुछ और है. चिकई, कबड्डी, कूद, कुश्ती, गिल्ली-डंडा, लुका-छिपी, ओल्हा-पाती, कनईल के बीज से गोटी खेलना, कपड़े से बनी हुई गेंद से एक-दूसरे को दौड़ा कर मारना आदि-आदि. मनोरंजन से भरपूर ये स्वास्थ्यप्रद खेल शारीरिक और मानसिक उन्नति तो प्रदान करते ही हैं, इनमें एक पैसे का खर्च भी नहीं होता है. अतः धर्म, जाति, सामाजिक-आर्थिक अवस्था से निरपेक्ष सबके बच्चे सामान रूप से इन्हें खेल सकते हैं. इन सबसे अलग एक सबसे प्यारी चीज़ थी जिसके लिए वह वर्षों व्याकुल रहा, वह थे अहमद चाचा. हिन्दुओं के इस गाँव में एक अहमद चाचा का ही प...

जिंदगी मैं तेरे तराने लिख रहा हूँ

बीते पलों के अफ़साने लिख रहा हूँ। जिंदगी मैं तेरे तराने लिख रहा हूँ॥ हालत कुछ यूँ कि वक्त काटे नहीं कटता, वक्त काटने के बहाने लिख रहा हूँ॥ नदिया किनारे, पेड़ों की छाँव में, देखे थे जो सपने सुहाने लिख रहा हूँ॥ हँसते-खेलते, अठखेलियाँ करते, खूबसूरत गुज़रे ज़माने लिख रहा हूँ॥ धुंधली ना पड़ जाएँ यादें हमारी, नयी कलम से गीत पुराने लिख रहा हूँ॥ जिसके गवाह थे वो झुरमुट, वो झाड़ियाँ, तेरे-मेरे प्यार की दास्तानें लिख रहा हूँ॥

मानव हैं हम द्वेष सहज है

मनुज स्वभाव, नहीं अचरज है। मानव हैं हम, द्वेष सहज है।। निर्बल को जब सबल सताए, वह प्रतिकार नहीं कर पाए, मन पीड़ा से भर जाता है,  द्वेष हृदय घर कर जाता है। वचन कठोर बोलता कोई, जब औकात तोलता कोई, व्यक्ति जहाँ जब डर जाता है, द्वेष हृदय घर कर जाता है। जब कोई प्रिय वस्तु हमारी, लगती जो प्राणों से प्यारी, कोई हमसे हर जाता है, द्वेष हृदय घर कर जाता है। जब जीवन दुखमय हो अपना, सुख बस बन जाए इक सपना, औरों का सुख खल जाता है, द्वेष हृदय घर कर जाता है। कर्महीन जब हम होते हैं, दैव-दैव करते रोते हैं, कर्मठ आगे बढ़ जाता है, द्वेष हृदय घर कर जाता है। आशंका से त्रस्त रहें जब, तिरस्कार-दुत्कार सहें जब, प्रेम हृदय का मर जाता है, द्वेष हृदय घर कर जाता है। यद्यपि द्वेष सहज होता है, किंतु सदा दुखप्रद होता है। शांति हमारी हर लेता है, क्रोध-घृणा मन भर देता है। तिल-तिल हमें जलाता रहता, रोगी सतत बनाता रहता। तन-मन को दूषित कर देता, अंदर विष-ही-विष भर देता। सुहृद दूर हो जाते सारे, सुख सपने बन जाते सारे। कोई निकट नहीं आता है, यह एकाकी कर जाता है। सारा ज्ञान नष्ट कर देता। निर्मल बुद्धि भ्रष्ट कर देता। पापाचा...